महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी के दौरान 12 साल में सिर्फ 6 मैच रेस्ट करने वाले विराट रोहित की कप्तानी के बाद डेढ़ साल में 25 मैच

महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी के दौरान 12 साल में सिर्फ 6 मैच रेस्ट करने वाले विराट रोहित की कप्तानी के बाद डेढ़ साल में 25 मैच रेस्ट कर चुके हैं। अब सवाल यह है कि हिंदुस्तान के सबसे फिट क्रिकेटर को इतने मुकाबलों के लिए रेस्ट करने की क्या जरूरत आन पड़ी? इस सूरत-ए-हाल में विराट कोहली का 100 इंटरनेशनल सेंचुरी जड़ने का सपना संकट में पड़ता नजर आ रहा है। T-20 इंटरनेशनल से तो अब विराट को हमेशा के लिए ड्रॉप कर दिया गया है। यह वही विराट हैं, जिन्होंने T-20 वर्ल्ड कप में 31 रन पर 4 विकेट खो चुकी टीम इंडिया को पाकिस्तान के खिलाफ अकेले दम पर 160 का टारगेट चेज करवा दिया था। नए मुख्य चयनकर्ता अजीत आगरकर ने भी युवा T-20 टीम बनाने का इशारा कर दिया है। वनडे वर्ल्ड कप से 2 महीने पहले लगातार एक्सपेरिमेंट्स का दौर जारी है। अलग-अलग सीरीज में अलग-अलग कप्तान टीम इंडिया का नेतृत्व करने के लिए तैयार हैं। सौरभ गांगुली से लेकर कपिलदेव तक विराट कोहली को लगातार हर फॉर्मेट की टीम में खेलता हुआ देखना चाहते हैं, पर चयनकर्ताओं के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। 

आपको शायद यकीन नहीं होगा, 22 मार्च 2023 के 163 दिनों बाद विराट कोहली सीधा एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ वनडे खेलने उतरेंगे। विराट कोहली ने 22 मार्च 2023 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खत्म हुई ODI सीरीज के बाद से एक भी वनडे मैच नहीं खेला है। टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को 2-1 से ODI सीरीज में शिकस्त दे दी है। अब टीम इंडिया को वनडे क्रिकेट सीधे 30 अगस्त से एशिया कप में खेलना है। इस टूर्नामेंट में 2 सितंबर को टीम इंडिया पाकिस्तान के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलेगी। यानी अब सीधे विराट कोहली उस महामुकाबले में ही नजर आएंगे, जिसमें पूरे एक महीने का वक्त बाकी है। इस बीच वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 मैचों की टी-20 सीरीज और आयरलैंड के खिलाफ 3 टी-20 मैचों की सीरीज से भी विराट का पत्ता काट दिया गया है। विराट के पहले टी-20 में टीम इंडिया 150 रनों का लक्ष्य भी हासिल नहीं कर सकी। विराट कोहली के ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने अंतिम वनडे में 54 रनों की पारी खेली थी। 

इसके बाद से विराट कोहली टीम इंडिया के लिए ODI क्रिकेट से दूर ही रहे हैं। अब यह इंतजार 5 महीनों से ज्यादा हो गया है। वेस्टइंडीज के खिलाफ जब उन्हें वनडे टीम में चुना गया था, तो लगा था कि इस बार कम से कम 3 मुकाबलों में विराट को लगातार अवसर मिलेगा। पर यहां भी अंतिम दोनों मुकाबलों की प्लेइंग XI से विराट को बाहर रखा गया। जबकि पहले मैच में विराट कोहली की बैटिंग ही नहीं आई। कपिल देव इस रवैये से खासे नाराज नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि वर्ल्ड कप में विराट कोहली टीम इंडिया के सबसे प्रमुख बल्लेबाज होंगे। ऐसे में वर्ल्ड कप वाले साल में अगर विराट 163 दिनों तक ODI फॉर्मेट का एक भी मैच नहीं खेलेंगे, तो वह भरपूर तैयारी नहीं कर सकेंगे। कपिल देव का मत है कि विराट टेस्ट क्रिकेट में जरूर अच्छे फॉर्म में नजर आए हैं, लेकिन टेस्ट क्रिकेट और वनडे क्रिकेट में काफी फर्क है। 

विराट को टीम में ना चुने जाने के सवाल पर टीम मैनेजमेंट की तरफ से कहा जा रहा है कि विराट चैंपियन प्लेयर हैं और उन्हें बहुत ज्यादा मैच प्रैक्टिस की आवश्यकता नहीं है। हकीकत यह है कि अगर 46 ODI शतक जड़ चुके विराट वर्ल्ड कप से पहले वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा 50 शतक पूरे कर लेते, तो वह अलग अंदाज में इस टूर्नामेंट का लुत्फ़ उठाते हुए नजर आते। एक तरफ विराट को T-20 इंटरनेशनल से पहले ही ड्रॉप कर दिया गया है और अब वनडे मैचों में भी लगातार अवसर नहीं दिया जा रहा है। पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने भी विराट के टी-20 खेलने की हिमायत की थी, पर विराट को टी-20 वर्ल्डकप 2022 के बाद से इस फॉर्मेट का एक भी मैच नहीं खेलने दिया गया। विराट कोहली को लेकर टीम मैनेजमेंट का यह रवैया समझ नहीं आ रहा है। जिस बल्लेबाज पर भारत को 12 साल बाद विश्व विजेता बनाने का दारोमदार है, उसके साथ अन्यायपूर्ण व्यवहार बंद किया जाए। विराट कोहली को लगातार मुकाबले खेलने का अवसर दिया जाए। अगर विराट नियमित तौर पर मैदान पर आएगा, तो 100 इंटरनेशनल शतक जरूर लगाएगा। 

©️ lekhanbaji

#worldcup2023 #rohitsharma #TeamIndia #ICCWorldCup #asiacup23 #msdhoni𓃵 #indiancricketteam #iccworldcup2023 #viratkohli

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

जयपाल सिंह मुंडा झारखंड के खूंटी जिले में जन्मे थे. ( 3 जनवरी 1903 – 20 मार्च 1970). वे एक जाने माने राजनीतिज्ञ, पत्रकार, लेखक, संपादक, शिक्षाविद् और 1925 में ‘ऑक्सफर्ड ब्लू’ का खिताब पाने वाले हॉकी के एकमात्र अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी

راہ عزیمت کا مسافر(مجاہد دوراں سید مظفر حسین کچھوچھوی)

MANUU awards PhD to Amatur Rehman Maimoona